महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को सोनीपत के गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर बापू को नमन किया और उनके बताए सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूर्व विधायक जगबीर मलिक ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अपने पूरे जीवन में गांव, गरीब और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए संघर्ष किया, लेकिन आज उन्हीं गांधी के विचारों को हाशिए पर धकेला जा रहा है। पूर्व विधायक ने मनरेगा योजना का नाम बदलने को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार गांधी के नाम और उनके विचारों से दूरी बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का महिमामंडन किया जा रहा है और महात्मा गांधी का तिरस्कार हो रहा है, जो देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जगबीर मलिक ने कहा कि महात्मा गांधी ने सादगी और धोती में पूरा जीवन बिताया और अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके। उन्होंने कहा कि गांधी के हत्यारे अंग्रेजों की गुलामी करते थे और उन्होंने कभी तिरंगा नहीं फहराया, जबकि गांधी ने देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। यूजीसी को लेकर सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यूजीसी के मुद्दे पर जितना विरोध हुआ है, उतना आज तक किसी अन्य मुद्दे पर नहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह मामला भी आगे चलकर ढीला पड़ेगा और रफा-दफा कर दिया जाएगा। पूर्व विधायक ने सरकार के बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी के दावों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार पक्की नौकरियां नहीं दे रही और आरक्षण खत्म करने की कोशिश की जा रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया और जांच एजेंसियां सरकार के नियंत्रण में हैं, जिसके चलते पूरी सच्चाई जनता तक नहीं पहुंच रही। इस दौरान कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, डॉ. सतबीर निर्माण, बंसी कुंडू आदि मौजूद रहे।