सोनीपत में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। बैठक में आई 16 शिकायतों में से 9 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष 7 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में महिपाल ढांडा ने हरियाणा में बढ़ते अपराध और महम से विधायक बलराम सिंह के कार्यालय पर हुई फायरिंग के मामले पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है और 24 से 48 घंटे के भीतर अपराधियों पर लगाम कसी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महम फायरिंग मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।