सिरसा के डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला के गांव चौटाला में 22 दिन बाद भी पुलिस चोरों को नहीं पकड़ सकी। इससे जहां विधायक ने नाराजगी जताई। वहीं, ग्रामीणों ने मजबूरन बाजार बंद कर चौटाला पुलिस चौकी के बाहर धरना दिया। धरने की सूचना मिलने पर डीएसपी राजीव कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद भी ग्रामीणों ने कहा कि वह मंगलवार को आपसी सहमति के बाद धरना उठाएंगे। हालांकि इसके बाद ग्रामीणों ने बाजार खोल दिए। वहीं, विधायक चौटाला ने एसपी को फोन कर आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। धरना स्थल पर पहुंचे डीएसपी राजीव कुमार ने ग्रामीणों को जांच संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है, लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिल सकी है। घटनास्थल के आसपास कोई संदिग्ध आदमी नहीं मिला है। ऐसी स्थिति में यह कहना मुश्किल है कि यह गुत्थी कब सुलझेगी। यदि ग्रामीणों या परिवार वालों को किसी पर शक है तो वह पुलिस को बता सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से धरना स्थगित करने का अनुरोध किया। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि वह धरना खत्म करने का फैसला मंगलवार को लेंगे। 6 टीमों के बाद भी पुलिस के हाथ खाली मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने छह टीमों का गठन किया था। इनमें साइबर सेल, सीआई स्टाफ, थाना शहर, सदर थाना पुलिस की टीमें शामिल हैं। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। यह है मामला गांव चौटाला में चार युवक और एक महिला ने 19 अक्तूबर को गांव के एक घर में सर्वे करके नाम पर घुसे और वहां महिला को अकेला पाकर उन्हें बंधक बना लिया। पीड़िता रानी ने बताया कि उनके पति कालूराम किराना की दुकान चलाते हैं। सास रिश्तेदारी में और बच्चे स्कूल गए थे। वह घर पर अकेली थीं। इस दौरान दरवाजे पर एक महिला आई। उसने कहा कि वह सर्वे करने के लिए आई है। उसने आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा। रानी ने उससे कहा कि आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज दुकान पर रखे हैं। तब महिला ने उससे पीने के लिए पानी मांगा। तब रानी पानी लेने के लिए घर के अंदर जाने लगी तो पीछे से तीन युवक आए। दो युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और एक ने चुन्नी से उनका गला दबा दिया। तभी एक युवक और आया और उसने उसके मुंह पर रुमाल लगाया। इसके बाद वह बेहोश हो गईं। जब रानी को होश तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। पूरा घर खंगाला गया था। चोर वहां से 20 तोला सोना, एक किलो चांदी और 50,000 की नकदी चुराकर ले गए। इसके खुलासे के लिए पुलिस को शिकायत दी गई थी।