बेरी-रोहतक सड़क मार्ग पर शनिवार अलसुबह करीब 3:30 बजे बालंद गांव की तरफ जा रही कार अंधे मोड़ पर असंतुलित होकर सफेदे के पेड़ से टकराकर पलट गई। कोहरे के चलते हुए हादसे में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार व उनके चचेरे भाई विक्की की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे। मामले में किसी तरह की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। बालंद गांव निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके पिता का देहांत हो चुका है। वह खुद खेतीबाड़ी करते हैं जबकि छोटे भाई नरेश (40) खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में सब इंस्पेक्टर के तौर पर कार्यरत थे। उसकी फिलहाल रोहतक में ही ड्यूटी थी। शुक्रवार को विभाग के काम के चलते देर हो गई। अलसुबह चचेरे भाई विक्की (28) के साथ कार में सवार होकर घर आ रहे थे। गांव से तीन किलोमीटर पहले गरनावठी मोड़ के नजदीक कोहरे के चलते कार असंतुलित होकर सड़क किनारे उतरकर पेड़ से टकरा गई। सुबह करीब 6 बजे एक युवक ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद परिजनों को सूचित किया। वह मौके पर पहुंचे और शवों की शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए।