राजीव गांधी विद्युत भवन व अन्य सब डिवीजन में कार्यरत बिजली कर्मचारियों ने मंगलवार को तीसरे चरण में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिटी यूनिट सचिव जितेंद्र शर्मा ने बताया कि एचएसईबी वर्कर्स यूनियन कि राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में बिजली कर्मचारियों ने आज जोरदार प्रदर्शन किया है। बिजली कर्मचारियों की मुख्य मांग ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को वापस लेना है। इसके अलावा पुरानी पेंशन को लागू करने, रिस्क अलाउंस, कैशलेस मेडिक्लेम, समान काम समान वेतन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग प्रमुख है। सब अर्बन नंबर एक यूनिट के सचिव ओमवीर राठी ने बताया 1 अप्रैल 2024 से लेकर 31 मार्च 2025 तक लाइनों पर काम करते हुए 131 एक्सीडेंट केवल उत्तर हरियाणा बिजली वितरण में हुए जिनमें से 74 एक्सीडेंट में गंवानी पड़ी। 57 मामलों में कर्मचारी घायल हुए और अगर ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू की गई तो एक्सीडेंट की संख्या बढ़ेगी। इसलिए एसएसबी वर्कर यूनियन इसका पुरजोर विरोध करती है। इस दौरान सर्कल सेक्रेटरी संदीप गोयत, सिटी यूनिट के प्रधान दिलबाग मलिक, सब अर्बन वन से हंस बैनीवाल, सब अर्बन दो से प्रधान नरेंद्र बल्हारा व सचिव प्रवेश आदि मौजूद रहे।