किलोई गांव में सोमवार सुबह लगभग 11 बजे लगी भीषण आग से 34 एकड़ से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई जिससे 7 से अधिक किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसान सभा के वरिष्ठ उप प्रधान अशोक राठी ने बताया कि किलोई के रुड़की मोड निकट सूचना मिलते ही किसान खेतों की ओर भागे और 15 से अधिक ट्रैक्टरों की मदद से जुताई करके आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। साथ ही पत्तियों व अन्य साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली।