भालौठ की तस्वीर जल्द बदलने की उम्मीद है। गांव को कैमरों और स्ट्रीट लाइटों से लैस कर सुरक्षित बनाया जाएगा। ढुमरे वाले जोहड़ से गंदा पानी निकालने पर 25 लाख रुपये खर्च होंगे। पुस्तकालय और ओपन जिम खोलने से युवाओं मंच मिलेगा। भालौठ में विकास कार्यों को लेकर जन प्रतिनिधियों व पंचायत ने बड़ा खाका तैयार किया है। सरपंच कुलदीप हैप्पी ने बताया कि गांव की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। फिरनी पर जल्द ही 150-150 फीट की दूरी पर 90 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही मुख्य चौक और संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे। इससे रात के समय आवाजाही सुरक्षित होगी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी। उन्होंने बताया कि युवाओं और बच्चों के लिए गांव में पुस्तकालय और ओपन जिम की व्यवस्था भी की जाएगी। पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें रखी जाएंगी। ओपन जिम से युवा सेहत बना सकेंगे। सरपंच का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस कर गांव को आगे ले जाना है। उधर, जिला पार्षद प्रतिनिधि राजेश भालौठ बताया कि माजरा पाना स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8.5 लाख रुपये की लागत से टिन-शेड लगाई जाएगी। गर्मी और बरसात में कीर्तन करने वालों को राहत मिलेगी।