लंबित मांगों के शीघ्र समाधान को लेकर हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी ने सांकेतिक धरना देने का निर्णय लिया है। यूनियन कार्यालय में मंगलवार को डिपो स्तरीय बैठक में कमेटी ने 24 मार्च को डिपो स्तर पर सांकेतिक धरना देने की घोषणा की है। रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित इंटक के राज्य महासचिव ने कहा कि कमेटी की ओर से 10 मार्च को महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपने के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। तालमेल कमेटी के नेताओं ने रोडवेज कर्मचारियों के बकाया भुगतान न होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों में लंबित लीव ट्रैवल कंसेशन, मेडिकल बिल, रात्रि भत्ता व ओवरटाइम का भुगतान शामिल है। बैठक में रोडवेज कर्मचारी यूनियन के डिपो प्रधान सुरेश नेहरा, अमित महराणा, जगदीप लाठर, संदीप सिंघवा, जोगिंद्र ढुल, अजमेर कटारिया, मंजीत कारोर आदि मौजूद रहे।