मानसरोवर पार्क स्थित मुख्य दमकल केंद्र पर अग्निशमन कर्मचारियों ने मंगलवार को हाथों में काले बिल्ले बांधकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगें नहीं मानीं, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। अग्निशमन कर्मी जसवीर ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है। सरकार प्रशिक्षित कर्मचारियों के बजाय अनट्रेंड कर्मचारियों को जोखिम भरे कार्यों में लगा रही है जो आम जनता के लिए भी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए कर्मचारियों को शहीद का दर्जा देने और उनके परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग प्रमुख है। इस दौरान दमकल विभाग यूनियन के जिला प्रधान सोनू हुड्डा, राज्य उप प्रधान राजेश ढुल, जिला उप प्रधान नरेंद्र सिंह व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।