लघु सचिवालय के गेट पर शहीदों की याद में बने स्मारक की बदहाल स्थिति को लेकर हरियाणा पूर्व सैनिक संघ ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। संघ के प्रवक्ता सूबेदार कैप्टन जगबीर मलिक ने बताया कि सचिवालय गेट पर बना शहीद स्मारक पिछले काफी दिनों से टूटा-फूटा पड़ा है। इसकी हालत खराब है और सम्मान के प्रतीक इस स्मारक की अनदेखी हो रही है। पूर्व सैनिकों ने बताया कि इस बारे में मेयर साहब को ज्ञापन दिया गया था, दोबारा रिमाइंडर भी कराया गया। डीसी ऑफिस में लगने वाले दरबार में भी लेटर देकर मरम्मत की मांग की गई लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर वीरवार को पूर्व सैनिक लघु सचिवालय पहुंचे। इस दौरान कैप्टन जगबीर मलिक के साथ कैप्टन बलवान सिंह, सूबेदार ओपी नरवाल, सूबेदार मेजर सुरेंद्र सिंह सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे। पूर्व सैनिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहीद स्मारक की शीघ्र मरम्मत करवाकर शहीदों का सम्मान लौटाया जाए।