रोडवेज के बेड़े में 10 हजार नई बसें शामिल करने की मांग को लेकर रोडवेज के कर्मचारी 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में ताल ठोकेंगे, जिसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को रोडवेज साझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने गेट मीटिंग कर रणनीति तैयार की। रोडवेज साझा मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य सुमेर सिवाच ने बताया कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल केवल सरकारी कर्मचारियों की नहीं बल्कि हर बेरोजगार व आमजन की है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार रोडवेज के बेड़े में नई सरकारी बसें शामिल करती है तो इससे अनेक बेरोजगारों को रोज़गार मिलेगा। गेट मीटिंग के दौरान रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित इंटक के राज्य महासचिव दिनेश हुड्डा, डिपो प्रधान सोमेश कुंडू, चालक संघ के डिपो प्रधान मंजीत कारोर व साझा मोर्चा के सदस्य सुरेश नेहरा आदि मौजूद रहे।