भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला का कहना है कि कांग्रेस महंगाई व भ्रष्टाचार पर बात न करे। क्योंकि उनके राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी व सोनिया गांधी के अलावा दामाद राबर्ट वाडरा तक अदालत से बेल पर हैं। दूसरी तरफ 2014 से अब तक के कार्यकाल में पीएम मोदी व उनके मंत्रीमंडल पर एक दाग तक नहीं लगा है। शुक्ला मंगलवार को भाजपा के कार्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में 2014 से पहले महंगाई दर 10 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। जबकि भाजपा राज में पिछली तिमाही में महंगाई दर 1.08 प्रतिशत ही रही। इसके अलावा कोरोना काल तक अमेरिका व यूरोप में महंगाई दर 10 प्रतिशत थी। जबकि भारत में पांच प्रतिशत से ज्यादा नहीं बढ़ी। जीएसटी पर शुक्ला ने कहा कि पीएम मोदी ने जीएसटी की दरों में भारी कटौती करके आम आदमी का जीवन आसान बना दिया है। वेट को 27 प्रतिशत से 5 प्रतिशत पर ला दिया है। इसके अलावा आटा, चाय, दूध व घी पर जीएसटी शून्य कर दी है। टूथपेस्ट, टॉफी, साइकिल, होटल सर्विस व दवाई जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी 22 अप्रैल से मात्र 5 प्रतिशत रह जाएगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, सह प्रभारी शमशेर खरक, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका व अजय बंसल भी मौजूद रहे।