रायपुर गांव में रविवार सुबह किसान कृष्ण कुमार की गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई, जिससे करीब सवा एकड़ फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।आसपास के लोग जब सुबह टहलने के लिए खेतों की ओर पहुंचे तो उन्होंने खेत से धुआं उठता देखा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से पूरी फसल में फैल गई। घटना की सूचना तुरंत आपात सेवा 112 और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सवा एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जल चुकी थी। ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। समय रहते दमकल विभाग के पहुंचने से आग को आसपास के अन्य खेतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। किसान ने फसल काट कर एकत्रित की हुई थी। इस घटना के बाद किसान कृष्ण कुमार और उनके परिवार में मायूसी छा गई है। कृष्ण कुमार का कहना है कि घटना से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। काफी नुकसान हो गया है, मदद की मांग है।