रेवाड़ी जिले में तैनात हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) यशवंत सिंह यादव ने अपने क्लर्क बेटे आकाश यादव के विवाह में एक रुपये का शगुन लेकर एक नई सामाजिक पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि विवाह एक पवित्र बंधन है, इसे लेन-देन से जोड़ना सही नहीं है। यही सोचकर उन्होंने अपने परिवार के साथ मिलकर इस परंपरा को अपनाने का निर्णय लिया। आकाश यादव पूर्व मंत्री बिक्रम यादव के भांजे हैं। एसआई यशवंत सिंह यादव मामाड़िया आसामपुर के रहने वाले हैं। उनके बेटे आकाश का विवाह महेंद्रगढ़ के गांव सैदपुर (अटेली) की योगिता के साथ तय हुआ है। योगिता ने नीट, एचटेट, सीईटी और एमकॉम की परीक्षाएं उत्तीर्ण की हैं। शादी के समारोह में वर-वधू पक्ष के अलावा पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल भी शामिल हुए। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम समाज में व्याप्त दहेज जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में मदद करेगा। विवाह में आकाश के मामा पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव ने भाती बनकर हिस्सा लिया। इसके अलावा मानेसर से सीनियर डिप्टी मेयर परवीन यादव भी समारोह में मौजूद रहे। समारोह में मौजूद अन्य अतिथियों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक सामाजिक संदेश है, जिसे अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाना चाहिए। एसआई यशवंत सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने यह परंपरा इसलिए शुरू की ताकि परिवारों में शादी को केवल सामाजिक और पारिवारिक उत्सव के रूप में देखा जाए और इसे आर्थिक लेन-देन का माध्यम न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इस कदम से समाज में दहेज प्रथा जैसी बुराईयों को कम करने में मदद मिलेगी।