राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की उपाध्यक्ष अंजना पंवार ने कहा है कि सफाई कर्मियों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव के लिए वर्तमान केंद्र सरकार ने कई अनूठी पहल की है। सरकार का ध्येय है कि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठने वाले सफाई कर्मचारी सम्मान से रहें। इसलिए हम सभी का भी दायित्व बनता है कि सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मानपूर्वक व्यवहार रखते हुए उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। स्वच्छ भारत बनाने के निर्धारित लक्ष्यों को इनके सहयोग के बिना पूरा नही किया जा सकता। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की उपाध्यक्ष अंजना पंवार शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि सफाई कमर्चारियों के आर्थिक, सामाजिक व शैक्षणिक उत्थान व उनके पुनर्वास के लिए संबंधित विभाग सभी जरूरी कदम उठाएं।