रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा तथा अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी मांग दिवस के तहत जिला मुख्यालय पर रिटायर्ड कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रधान रामेश्वर दयाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल हुए और वित्त विधेयक 2025 को वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद रिटायर्ड कर्मचारी संघ जिला सभा रेवाड़ी की ओर से प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन डीडीपीओ एचपी बंसल को सौंपा गया। ज्ञापन में वित्त विधेयक 2025 को वापस लेने के साथ-साथ 10 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से रखा गया। पेंशनर्स ने मांग की कि सभी रिटायर्ड कर्मचारियों को सरकारी व गैर-सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाए। साथ ही मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 5000 रुपये किया जाए। 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमश: 10, 15 और 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी मूल पेंशन में की जाए। ज्ञापन में रेलवे, हवाई जहाज, वोल्वो व एसी बसों सहित निजी बसों में 50 प्रतिशत छूट देने की मांग की गई। इसके अलावा 18 माह के बकाया डीए का भुगतान ब्याज सहित करने, एलटीसी सुविधा को पूर्व की भांति जारी रखने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने की भी मांग उठाई गई। पेंशनर्स ने एनपीएस और यूपीएस को अस्वीकार्य बताते हुए नए श्रम कानूनों को वापस लेने की भी मांग की।