कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर रविवार को रेवाड़ी में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अस्पताल के मुद्दे पर वह पूरी तरह से जनता के साथ खड़े हैं। पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की रामगढ़ भगवानपुर में 200 बेड के अस्पताल निर्माण पर हुई ऑडियो वायरल पर राव को नसीहत देते हुए कहा कि राजा परिवार से राव इंद्रजीत सिंह हैं, राजा परिवार की जुबान की कीमत होती है। राजा के मुंह से निकला एक-एक शब्द वचन होता है। अपने कहे की वचनबद्धता होनी चाहिए। आगे कहा कि राव सांसद, मंत्री व राजा हैं। हिंदुस्तान में दो मंत्रियों वाला पहला परिवार, खुद केंद्र में मंत्री तथा बेटी प्रदेश में मंत्री, क्षेत्र का सांसद बहुत ही मजबूत होता है। साथ ही कहा है कि क्षेत्र के लोगों को राव इंद्रजीत सिंह डरा धमका रहे हैं। अस्पताल पर इंद्रजीत सिंह राजनीति कर रहे हैं। बता दें कि राज बब्बर ने कांग्रेस की टिकट पर गुरूग्राम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, चुनाव में वह इंद्रजीत सिंह से हार गए थे।