दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर शुक्रवार को जिला रेवाड़ी के समस्त पटवारी एवं कानूनगो जिला पटवार भवन में एकत्रित हुए। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार द्वारा निलंबित किए गए छह पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर सांकेतिक धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान बलजीत सिंह यादव ने की। धरने को संबोधित करते हुए जिला सचिव रणबीर सिंह पटवारी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा पटवारियों को बिना किसी ठोस कारण के निलंबित किया जाना पूरी तरह से गलत और अनैतिक है। सरकार को चाहिए कि वह यूनियन की बात को गंभीरता से सुने और जनहित में यह निर्णय तुरंत वापस ले। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा प्रदेश में पटवारियों पर काम का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। बहुत ही कम संख्या में कार्यरत पटवारियों से अत्यधिक कार्य लिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 1300 पटवारियों के पद रिक्त हैं, जिससे कार्यरत पटवारियों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। जिला सचिव ने बताया कि “मेरी फसल मेरा ब्योरा” पोर्टल पर फसल सत्यापन का कार्य संबंधित अधिकारियों द्वारा भी किया जाता है, इसके बावजूद हर बार पटवारी को ही जिम्मेदार ठहराकर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि पटवारियों को बार-बार बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निलंबित पटवारियों की शीघ्र बहाली नहीं की गई तो राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में राकेश कुमार गिरियावर, विक्रम सिंह पटवारी, शिवचरण पटवारी, सुधीर पटवारी, श्रीमती कविता पटवारी सहित जिले के समस्त पटवारी एवं कानूनगो मौजूद रहे।