साईबर जागरूकता दिवस के अवसर पर अहीर कॉलेज रेवाड़ी के एनएसएस वॉलेंटियरों ने शहर में साइबर फ्रॉड के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। रैली का उद्देश्य आमजन को बढ़ते ऑनलाइन अपराधों के प्रति सतर्क करना और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा। रैली कॉलेज परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों व सार्वजनिक स्थानों से होती हुई गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “साइबर फ्रॉड से सावधान”, “ओटीपी किसी को न बताएं”, “अनजान लिंक पर क्लिक न करें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। एनएसएस वॉलेंटियरों ने आम नागरिकों से संवाद कर बताया कि थोड़ी सी लापरवाही से बड़ी आर्थिक हानि हो सकती है। एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी दीपक यादव और आशु रानी ने रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को साइबर सुरक्षा के नियमों की जानकारी दें। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को बताया कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक विवरण साझा न करें, ओटीपी और पासवर्ड गोपनीय रखें, फर्जी वेबसाइट व ऐप्स से दूर रहें और संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस अधिकारियों ने वॉलेंटियरों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जागरूकता गतिविधियां समाज को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। रैली में बड़ी संख्या में एनएसएस वॉलेंटियर मौजूद रहे और शहरवासियों ने भी इस पहल की सराहना की।