इंडस्ट्रियल एरिया में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सोलर उपकरण बनाने वाली कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। आज रात करीब 11 बजे लगी थी, अभी भी आग को बुझाया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा प्लांट धुएं और आग की लपटों से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर कई स्थानों को खाली कराया गया। सूचना मिलने पर बावल, रेवाड़ी, धारूहेड़ा और आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग के कारण फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान, मशीनें और तैयार माल जलकर राख हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। घटना के दौरान फैक्ट्री से निकलता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। राहत की बात यह रही कि समय रहते कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।