रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-18 स्थित दीनदयाल पैलेस के सामने गढ़ी बोलनी रोड पर एक दुकान का दिनदहाड़े नकाबपोशों ने ताला तोड़ दिया। दुकान में घुसे आरोपियों ने वाई-फाई का राउटर उतारने के साथ बिजली के तार भी काट दिए। इसके बाद दुकान के शटर पर नया ताला लगा दिया। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान मालिक ने मामले की शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी है। शिकायतकर्ता विजय कुमार ने बताया कि सेक्टर-18 में उनकी दुकान है। दिन के समय कुछ नकाबपोश दुकान के पास पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने दुकान में लगे वाई-फाई राउटर को उतार लिया और बिजली के तार भी काट दिए। इसके बाद दुकान से निकलते समय आरोपियों ने शटर पर नया ताला लगा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर विजय कुमार मौके पर पहुंचे। दुकान का ताला टूटा देखकर उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में नकाबपोश लोग दुकान का ताला तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने मॉडल टाउन थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपियों का मकसद क्या था और दुकान से अन्य सामान चोरी हुआ है या नहीं। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।