रेवाड़ी में 269 प्रदूषण जांच केंद्रों को सख्त हिदायत जारी की गई है। अब धुआं जांच केन्द्र संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगी वाहनों को धुआं जांच प्रमाण पत्र जारी ना करें। यदि कोई भी धुआं जांच केन्द्र संचालक बिना इसके धुआं जांच प्रमाण पत्र जारी करते पाया गया तो उसके केन्द्र का लाईसेंस रद्द करने की कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। इसके अतिरिक्त जिन धुआं जांच केन्द्रों द्वारा पूर्व में नियमों की उलंघना करते हुए धुआं जांच प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं, जांच उपरान्त दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एसडीएम सुरेंद्र ने बताया कि अगर कोई भी बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के प्रदूषण प्रमाण पत्र जारी करेगा तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। बढ़ता प्रदूषण सेहत के लिए काफी खतरनाक है। प्रशासन के पूरे प्रयास हैं कि वायु गुणवत्ता को सुधारा जाए।