शहर और आसपास के गांवों में आज दोपहर बाद तीन बजे से पांच बजे तक पीजीटी की पात्रता परीक्षा शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न हुई। डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा लगातार परीक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखे हुए थे। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उड़न दस्तों ने भी जिला में परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। एचटेट की परीक्षा के लिए रेवाड़ी में 41 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिनमें से 25 परीक्षा केंद्रों पर आज दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक पीजीटी की परीक्षा ली गई। आज रेवाड़ी शहर और जिला के गांवों से सात हजार 444 परीक्षार्थी ने यह पेपर देना था, जिनमें से 90 प्रतिशत की हाजिरी सेंटरों पर दर्ज की गई। परीक्षा के लिए पुलिस सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया। परीक्षा केंद्रों के समीप पुलिस ने नाके लगाए हुए थे और किसी बाहरी व्यक्ति या वाहन को सेंटर के अंदर जाने नहीं दिया गया। सेंटर में केवल वही परीक्षार्थी अंदर गए, जिनके पास एचटेट का एडमिट कार्ड था। प्रवेश करते ही उनकी बायो मीट्रिक हाजिरी लगवाई गई। इसके बाद लड़के और लड़कियों की अलग- अलग टीमों ने प्रारंभिक जांच की। किसी परीक्षार्थी के पास जो भी सामान था, उसे बाहर रखवा लिया गया।