रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन पद का कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ने वाली निहारिका चौधरी की हार के बाद कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। निहारिका चौधरी के पति एवं कांग्रेस के शहरी प्रधान प्रवीण चौधरी ने हार का ठीकरा अपनी ही पार्टी के नेताओं पर फोड़ते हुए कई आरोप लगाए हैं। प्रवीण चौधरी ने कहा कि निकाय चुनाव में उनके साथ “ब्लैकमेलिंग का खेल” खेला गया और बड़े स्तर पर गिरोहबंदी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने चुनाव में भीतरघात किया, जिसकी पूरी जानकारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय यादव को भी थी। उन्होंने कहा कि निहारिका चौधरी को पार्टी का अपेक्षित सहयोग नहीं मिला और पूरा चुनाव उन्होंने अपने समर्थकों के दम पर लड़ा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रत्याशी विनीता पीपल के चुनाव को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत झोंक दी थी और वे अपने समर्थकों के साथ चुनाव में सक्रिय दिखाई दिए। कांग्रेस से बागी होकर निर्दलीय नामांकन दाखिल करने वाली शकुंतला भाडोरिया द्वारा निहारिका चौधरी को समर्थन देने के सवाल पर प्रवीण चौधरी ने कहा कि इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि शकुंतला भाडोरिया अपनी खुद की वोट भी नहीं रोक पाईं। हालांकि प्रवीण चौधरी ने निर्वाचित चेयरपर्सन विनीता पीपल को जीत की बधाई भी दी। लेकिन उनके बयान के बाद कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आ गई है।