कारगिल युद्ध में अपनी वीरता का परचम लहराने वाली 212 रॉकेट रेजिमेंट कारगिल के पूर्व सैनिकों का तीसरा मिलन समारोह भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की शुरूआत सूबेदार विजयपाल और सूबेदार सत्यनारायण ने स्वागत उद्बोधन के साथ की। इस अवसर पर ऑर्डिनरी कैप्टन राजकिशन की संगीतमय प्रस्तुति ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व एवं वर्तमान सैनिकों के साथ-साथ अतिथि और अन्य लोग भी जोश में नजर आए। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कुलदीप भानोट ने कहा कि इस तरह के आयोजन पूर्व सैनिकों के मनोबल को बढ़ाते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने पर जोर दिया।