रेवाड़ी के बावल कस्बे में चोरों ने एक पशु क्लिनिक का ताला तोड़ कर शटर उखाड़ दिया और महंगी कीमत के दो कुत्तों के अलावा कुछ पक्षी चुरा लिए। बावल थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जिले के गांव रणसी माजरी निवासी डॉ. डीके ने बताया कि उन्होंने बावल के रेवाड़ी रोड पर अपना खुद का पशु क्लिनिक खोला हुआ है। रोजाना की तरह सोमवार को वह क्लिनिक बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब साढ़े 7 बजे उनके पास पड़ोसी दुकानदार का फोन आया कि आपकी दुकान का शटर खुला हुआ हैं। वह तुरंत क्लिनिक पर पहुंचे तो आधा शटर खुला हुआ था। साथ ही दोनों लॉक के अलावा अंदर लगे शीशे टूटे हुए थे। पास में ही ईंट-पत्थर पड़े थे, जिससे लॉक और शीशा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा तो करीब 30 हजार रुपये कीमत के दो कुत्ते और कुछ पक्षी गायब मिले। डॉ. डीके ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए हैं, जिससे चोरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने डॉ. डीके की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।