थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के काबड़ी रोड पर गर्ग इंटेकस फैक्टरी में श्रमिक गौरव (24) निवासी गढ़ी सिकंदरपुर की शुक्रवार शाम करीब सात बजे करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने फैक्टरी मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए और शनिवार दोपहर को गौरव का शव फैक्टरी के सामने रखकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। गांव के सौकी ने बताया कि उनके भतीजे गौरव आठ माह से गर्ग इंटेकस, नेकी फर्म फैक्टरी में काम कर रहे थे। ठेकेदार द्वारा उन्हें करीब 25 हजार रुपये का भुगतान किया जाता था। शनिवार शाम को फैक्टरी में कार्ड फ्रेम की मशीन की सफाई कर रहे थे। सफाई करते समय चलती मोटर में करंट लगने से उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार और प्रबंधन द्वारा बिना सुरक्षा उपकरण के गौरव से हाई वोल्टेज बिजली का काम कराया जा रहा था। जिस कारण यह हादसा हुआ। शनिवार को पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। उधर, शनिवार को परिजन पोस्टमार्टम के बाद गौरव का शव लेकर फैक्टरी पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। महिलाएं फैक्टरी के गेट पर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने फैक्टरी मालिक और ठेकेदार को गिरफ्तार करने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव लेकर चले गए।