ट्रांसपोर्टर के सुब्रमण्यम को गोली मारने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। विदेश में बैठे बदमाश शीलू डाहर ने फायरिंग कराई थी। शीलू डाहर पहले भी ट्रांसपोर्टर से दो लाख की रंगदारी वसूल चुके हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गोली लगने से दो बदमाश घायल हुए। एसपी पानीपत ने प्रेसवार्ता में बताया कि 24 जनवरी को इसराना क्षेत्र में ट्रांसपोर्टर पर हमला हुआ था। बदमाशों ने तीन गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। बुधवार अलसुबह करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि इसराना क्षेत्र के जोधन खुर्द वाली सड़क पर संदिग्ध बदमाश घूम रहे हैं। पानीपत सीआईए -1 की टीम और एसटीएफ सोनीपत की संयुक्त टीम ने घेरा बंदी की। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी करवाई में दो बदमाश सुनील निवासी नौल्था और प्रिंस निवासी डाहर पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायल को मेडिकल कॉलेज खानपुर में भर्ती किया गया है।