थाना तहसील कैंप क्षेत्र में रविवार सुबह करीब चार बजे जीटी रोड एलिवेटेड हाईवे पर ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक युवक नवीन की मौत हो गई। कांवड़िए सागर समेत तीन युवक घायल हो गए। मृतक युवक हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे अपने दोस्त सागर की मदद के लिए हांसी हिसार से पानीपत पहुंचे थे। लौटते समय समय रोहतक हाईवे के स्थान पर वह गलती से जीटी रोड पर पहुंच गए। यू-टर्न लेकर वापस जाने लगे तो चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा रविवार सुबह करीब चार बजे एलिवेटेड हाईवे पर कोर्ट के सामने हुआ। हिसार जिले के हांसी की कृष्णा कॉलोनी निवासी विनोद ने बताया कि उसके मामा के बेटे नवीन का दोस्त सागर निवासी कृष्णा कॉलोनी हांसी अपने साथियों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने आए थे। शनिवार को सागर ने नवीन को फोन किया कि उसने जल उठा लिया है लेकिन, उसके पांव में छाले हो गए हैं। जिस कारण वह चल नहीं पा रहा है उसकी कांवड़ लेने आ जाओ। इसके बाद नवीन अपने तीन अन्य दोस्त हिमांशु, दुष्यंत और रजत के साथ सागर की कांवड़ लाने में मदद करने के हांसी से पानीपत पहुंचे। शामली रोड पर उनकी सागर से मुलाकात हुई। उन्होंने सागर को भी कांवड़ सहित अपने साथ ऑल्टो कार में बैठा लिया और हिसार के लिए निकल गए।