सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने अब तक का सबसे बड़ा विपक्ष चुना। जनभावना हरियाणा में बदलाव करने की थी, लेकिन भाजपा ने जनभावना को चुराने का काम किया। वोट फॉर नोट की चोट मारकर बीजेपी सत्ता में आई है। उन्होंने ये बात रविवार को इसराना में महर्षि वाल्मीकि के प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में कही। उन्होंने महर्षि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण में धर्म, मर्यादा, सच्चाई को परिभाषित किया है। हम सबको रामायण से प्रेरणा मिलती है। कांग्रेस भी रामायण से प्रेरणा लेकर सच्चाई व संघर्ष के रास्ते पर चल रही है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के अनुयायियों ने सदैव कांग्रेस का साथ दिया। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश के लोगों ने कोई कमी नहीं छोड़ी थी। प्रदेश में पिछले 15 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा मत प्रतिशत 2024 में मिला। मात्र आधा प्रतिशत यानी 22 हजार वोटों के अंतर से प्रदेश में सरकार बनाई गई। हरियाणा में चुनाव में जबरदस्त धांधली हुई।कांग्रेस बैलेट वोट में करीब 75 सीटों पर आगे थी, वे मशीन खुलते ही पीछे चली गई। कांग्रेस पार्टी ने पिछले साल लोकसभा में 1984 के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा मत प्रतिशत अर्जित किया। कांग्रेस पार्टी हरियाणा में भाजपा के अहंकार पर नकेल डालने का काम करेगी और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। लोगों के अधिकारों का हनन हुआ तो हम सड़क से संसद तक हर वर्ग की लड़ाई लड़ेंगे।