एचएसपीसीबी (हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर सख्त हो गया है। प्रदेश मुख्यालय पर सभी इकाइयों के प्रदूषण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इसमें किसी प्रकार की अवहेलना पर औद्योगिक इकाई को नोटिस देने के साथ एचएसपीसीबी की टीम कार्रवाई करेगी। बोर्ड यह मॉनिटरिंग एक जून को शुरू कर देगा। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव आईएएस योगेश कुमार ने इसके आदेश शुक्रवार को पानीपत में स्पष्ट किए। वे हरियाणा एनवायरमेंट मैनेजमेंट सोसाइटी द्वारा होटल डेज में आयोजित तीन जिलों के उद्यमियों की वर्कशॉप को संबोधित कर रहे थे। वर्कशाप में पानीपत समेत करनाल व सोनीपत के उद्यमियों ने पर्यावरण प्रदूषण से संबंधित अपनी समस्या रखी। सदस्य सचिव ने उद्यमियों की समस्याओं का जल्द ही समाधान करने का भरोसा दिया। कार्यशाला में जीईपीआईएल के निदेशक प्रियश भट्टी ने औद्योगिक इकाइयाें से निकलने वाले खतरनाक पदार्थों को संभालने और उनके निपटान के बारे में पीपीटी के माध्यम विस्तार से बताया। कार्यशाला में वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता संजीव बुद्धिराजा और नवीन गुलिया और तीनों जिलों के एचएसपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी शामिल रहे। एईएमएस के प्रदेशाध्यक्ष भीम राणा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की जागरूकता के लिए समय-समय पर कार्यक्रम किए जाते हैं। सोसाइटी द्वारा अगला कार्यक्रम बहादुरगढ़ में किया जाएगा।