पानीपत के थाना पुराना ओद्योगिक क्षेत्र के काबड़ी रोड स्थित कुलदीप नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मुख्य दमकल कर्मी अमित गोस्वामी ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर रखे कचरे (वेस्ट मैटेरियल), मशीनरी और बिल्डिंग के कुछ हिस्से में आग फैल गई। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया। फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या वेस्ट मैटेरियल में लगी चिंगारी को आग की वजह माना जा रहा है।