फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पानीपत में सावन के वीरवार पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, तड़के मंगल आरती के साथ विशेष पूजन

पवित्र सावन महीने के वीरवार को शहर समेत पूरे जिले के मंदिरों में भक्ति का माहौल देखने को मिला। तड़के से ही शिव धामों और विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और श्री हरि विष्णु का जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। तड़के मंगल आरती के साथ मंदिरों के कपाट खोले गए। इसके बाद हर-हर महादेव और जय श्री कृष्णा के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। शहर के सेक्टर-11 स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर, मॉडल टाउन के सनातन धर्म मंदिर, भादड़ के प्रगतेश्वर मंदिर और दत्ता कॉलोनी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। भगवान शिव और विष्णु की कृपा का दिन आचार्य भगवत शर्मा ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है, और जब सावन में वीरवार (गुरुवार) का योग बनता है, तो इसका धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है। वीरवार का दिन श्री हरि विष्णु और बृहस्पति देव को समर्पित होता है। सावन के इस पावन दिन पर शिव जी के साथ-साथ भगवान विष्णु की आराधना करने से साधक को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन के तमाम कष्ट दूर हो जाते हैं। मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, भांग और धतूरा अर्पित कर मनवांछित फल का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद भक्तों में प्रसाद का वितरण भी किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें