पंचकूला सेक्टर-1 स्थित तहसील कार्यालय में सोमवार को जिला पंचकूला के पटवारियों एवं कानूनगो ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नए पोर्टल में आ रही तकनीकी खामियों और कामकाज में पेश आ रही दिक्कतों को लेकर रोष जताया। प्रदर्शन के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पटवारी और कानूनगो मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नए पोर्टल पर कार्य करते समय कई तरह की तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इसके कारण राजस्व संबंधी कार्यों को समय पर पूरा करने में परेशानी हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि पोर्टल की खामियों का खामियाजा उन्हें और आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पटवारी एवं कानूनगो ने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि नए पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर किया जाए और कर्मचारियों को सुचारु रूप से काम करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं किया जाता, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।