पंचकूला सेक्टर-17 स्थित सरकारी स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर मतदान के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब ड्यूटी पर तैनात इंचार्ज और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई। जानकारी के अनुसार, युवक अपना वोट डालने बूथ पर पहुंचा था। इसी दौरान स्कूटी को लेकर विवाद शुरू हो गया। ड्यूटी इंचार्ज द्वारा स्कूटी हटाने को कहा गया, जिस पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला कहासुनी तक पहुंच गया। विवाद के दौरान मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। युवक, जिसकी पहचान प्यारे लाल के रूप में हुई है, इंद्रा कॉलोनी, सेक्टर-17 का निवासी बताया गया है। घटना के बाद कुछ देर के लिए बूथ पर तनाव का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही।