नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और नगर परिषद पलवल के बीच स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के अंतर्गत ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत नगरीय प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में सुधार की दिशा में एक कदम है। नगर परिषद पलवल की ओर से चेयरमैन डॉ. यशपाल और कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला ने हस्ताक्षर किए, जबकि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद की ओर से सचिव तारिक थॉमस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) और सदस्य सरिता तोमर मौजूद रहीं। इस अवसर पर पार्षद तेजपाल चौधरी, पार्षद भगती शर्मा, अभियंता विनोद गुप्ता और कनिष्ठ अभियंता विष्णु कुमार भी शामिल हुए। डॉ. यशपाल ने कहा कि यह समझौता पलवल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद जैसे विश्वस्तरीय नगरीय निकाय के सहयोग से पलवल में स्वच्छता और सेवा प्रबंधन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि अगले 100 दिनों की कार्ययोजना तैयार है। यह पहला अवसर है जब नगर परिषद पलवल किसी विश्वस्तरीय नगरपालिका के सहयोग से कार्य करेगी। इस पहल से पलवल को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और यह हरियाणा के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।