युवाओं में मोबाइल फोन के बढ़ते जुनून और सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर अमर उजाला की ओर से एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसएमएसडी राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मोबाइल फोन के सही उपयोग, पढ़ाई पर उसके प्रभाव तथा सोशल मीडिया एप्लिकेशन से दूरी बनाने जैसे विषयों पर खुलकर अपनी राय रखी। कार्यक्रम के दौरान सवाल-जवाब का दौर भी चला, जिसमें युवाओं ने समझदारी और जागरूकता से भरे जवाब देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कई प्रतिभागियों ने कहा कि मोबाइल का उपयोग केवल जरूरी जानकारी, पढ़ाई और संपर्क तक सीमित होना चाहिए, जबकि अत्यधिक उपयोग समय की बर्बादी और मानसिक तनाव का कारण बन सकता है। एक जागरूक युवा छात्रा ने मोबाइल की लत छोड़ने का सबसे अच्छा तरीका बताते हुए आत्म अनुशासन, समय प्रबंधन और वास्तविक जीवन की गतिविधियों में रुचि बढ़ाना बताया। तो वहीं एक युवा छात्र ने परिवार की भूमिका बताते हुए कहा कि परिवार सही मार्गदर्शन और प्रेरणा देकर अच्छी आदतें विकसित करने में बच्चों की मदद कर सकता है। संवाद के दौरान आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, सोशल मीडिया से बढ़ते तनाव और शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। युवाओं ने माना कि अनुशासन और संतुलित जीवनशैली अपनाकर मोबाइल की लत से बचा जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और डिजिटल दुनिया के बीच सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजनों को समय की जरूरत बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। इस अवसर पर संवाद कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंधन स्टाफ सदस्य और प्रवक्ता मौजूद रहे।