क्षेत्र के गांव जैलाफ में मुख्य रास्तों, गलियों, फिरनी और जैलाफ-चिंडालिया मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। खास बात यह रही कि खेतों में काम कर रहीं महिलाएं भी सीधे प्रदर्शन में शामिल हुईं, जिससे उनका आक्रोश साफ नजर आया। ग्रामीणों की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता छाजूराम रावत, मुकेश कुमार पंच, तिलोक चंद पंच व अन्य प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षरित ज्ञापन विधायक को सौंपा। इसमें गांव के मुख्य रास्तों, गलियों व जैलाफ-चिंडालिया सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और खेती के कार्य में भी भारी दिक्कत आ रही है। मास्टर सूबे सिंह व किसान संगठन एआईकेकेएमएस के जिला सचिव डॉ. व्रतपाल सिंह ने ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान “रास्ते पक्के करो” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा। महिलाओं ने भी गिरकर चोटिल होने की घटनाएं साझा कीं। विधायक ने आश्वासन दिया कि गांव के रास्ते पंचायत विभाग तथा जैलाफ-चिंडालिया मार्ग मार्केट कमेटी से बनवाया जाएगा। साथ ही बस सेवा बढ़ाने और बोरवेल पाइपलाइन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस अवसर पर मुकेश कुमार पंच, तिलोक चंद पंच, रामकृपाल, महीपाल, मुकेश मुकदम, गुलजारी लाल, अजीत, छितरमल नंबरदार, राजेंद्र, विजय फौजी, मीना, बाला, शशी, बर्फी, धूमली सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।