संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। हरियाणा रोडवेज नारनौल डिपो की ओर से शुक्रवार को जिले के सभी बस स्टैंडों पर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत बस स्टैंड और वर्कशॉप परिसर में फलदार, छायादार तथा औषधीय पौधे लगाए गए। इसका उद्देश्य परिसर को हराभरा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। डिपो महाप्रबंधक देवदत्त ने बताया कि मानसून के दौरान जिले के सभी बस स्टैंडों पर करीब 200 पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की नियमित देखभाल के लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा समय-समय पर उनकी निगरानी भी की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल, घर और आसपास के क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पौधों के बेहतर विकास के लिए आवश्यकता अनुसार खाद और दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर बस वर्कशॉप प्रबंधक संदीप कुमार, बस स्टैंड इंचार्ज प्रीतम बागड़ी सहित रोडवेज के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।