शहर में कानोडिया मोहल्ला स्थित शनिदेव मंदिर में दादरी किन्नर समाज ने कमेटी के साथ बैठक की। इस दौरान कमेटी ने किन्नरों को बधाई देने की अनुमति दी और किन्नर समाज ने मंदिर निर्माण के लिए 1.25 लाख रुपये जबकि भंडारे के लिए 20 हजार रुपये की राशि भेंट की। कमेटी प्रधान अधिवक्ता सुरेंद्र बंटी ने बताया कि महेंद्रगढ़ में पिछले कुछ समय से किन्नरों के दो ग्रुप का आपस में भेंट लेने के लिए विवाद चल रहा है। आपस में काफी लड़ाई झगड़ा चल रहा है। कुछ समय से लोगों से भेंट भी जबरदस्ती व ज्यादा रकम ली जा रही है। इसके चलते व्यापार मंडल ने बैठक की। इसमें दादरी किन्नर समाज के साथ बैठक की गई और मोहल्ला के लोगों व कमेटी ने किन्नर प्रधान रचना को बधाई लेने की अनुमति दी। सुरेंद्र बंटी ने कहा कि पहले चंपा व बुलबुल बधाई लेने आती थी, लेकिन उनका हक किसी ओर को दिया जा रहा है जबकि यह कमाई किन्नर या किसी धर्मार्थ सेवा में लगाई जानी चाहिए। वीरवार को दादरी किन्नर समाज से मंगलामुखी मंदिर में पहुंचे और यहां पर लोगों से बातचीत की। किन्नर प्रधान रचना ने बताया कि कुछ स्थानों पर मंगलामुखी जबरदस्ती बधाई लेते हैं। अब लोगों ने अनुमति दी है तो वे लोगों की मर्जी से बधाई लेंगे। इसमें किसी से भी जबरदस्ती नहीं की जाएगी और लोगों में किन्नरों के नाम बना भय भी समाप्त किया जाएगा। अब अब महेंद्रगढ़ में दादरी किन्नर समाज के मंगलामुखी बधाई लेंगे। बैठक का समापन शनिदेव की आरती और प्रसाद वितरण के साथ किया गया।