हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए बजट को पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व जिला अध्यक्ष भिवानी मुकेश गौड़ ने ऐतिहासिक, विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट दिशा और मजबूत आर्थिक प्रबंधन का दस्तावेज है। वे मंगलवार को यहां पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव और प्रदेश पैनलिस्ट एडवोकेट राकेश शर्मा भी मौजूद रहे। मुकेश गौड़ ने कहा कि वर्ष 2020 में शुरू की गई परंपरा के तहत इस बार 13 बैठकों में 2,199 सुझाव प्राप्त हुए। एआई चैटबॉट के माध्यम से 12,400 सुझाव आए, जिनमें से करीब 5,000 को बजट में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि बजट महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 100 नए उपकेंद्र, 18 डायलिसिस केंद्र, 70 एडवांस व 167 बेसिक एंबुलेंस शुरू होंगी। मानेसर ईएसआईसी अस्पताल को 200 बेड व मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड किया जाएगा। एडवोकेट राकेश शर्मा ने कहा कि प्रभावी राजस्व घाटा 0.41 प्रतिशत तक सीमित करने का लक्ष्य है। जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव ने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत 5 हजार किमी सड़क सुधार, 18 आरओबी व 12 आरयूबी का निर्माण, 1 हजार नई बसें और 4 नए बस अड्डे बनाए जाएंगे। केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर जिला महामंत्री किशनलाल बोहरा, उपाध्यक्ष पूर्णचंद गोठड़ी, रमेश तंवर, भवानी शंकर शर्मा, विकास अग्रवाल, कर्मवीर मंडल अध्यक्ष, सुशील चौटाला, संजय अमन व गगन दायमा आदि रहे।