जिला पुलिस की सीआईए नारनौल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या समेत कई मामलों में वांछित आरोपी संजय उर्फ संजय कालबा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके दो साथियों घनश्याम निवासी गोपालपुरा (राजस्थान) और आदित्य निवासी अकबरपुर को भी अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टीम को 13 मई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि नांगल चौधरी क्षेत्र में हत्या के मामले में फरार आरोपी संजय अपने साथियों के साथ गाड़ी में घूम रहा है। सूचना के बाद सीआईए इंचार्ज ने दो विशेष टीमों का गठन कर रेवाड़ी रोड से नांगल चौधरी जाने वाले पुल के नीचे समेत विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर दी। रात करीब 11:25 बजे तेज रफ्तार कार नाके की तरफ आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस कर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और वहां से फरार हो गए। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू कर दिया। नीरपुर बस स्टैंड के पास भी आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी चिंकारा फॉरेस्ट से लगते जंगली क्षेत्र की तरफ भाग निकले। पुलिस द्वारा ओवरटेक कर गाड़ी रोकने पर तीनों आरोपी बाहर निकल आए और पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले चेतावनी दी और हवाई फायर किए, लेकिन आरोपी लगातार फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में संजय के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसके दोनों साथियों को भी काबू कर लिया।