अटेली नगर पालिका चुनाव की मतगणना बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में शांति पूर्ण रूप से सम्पन्न हुई। चेयरमैन पद के लिए 5 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुकाबला संजय गोयल व भुपेश गुप्ता में बना हुआ था। जिसमें संजय गोयल ने 456 वोटों से जीत हासिल की। बता दें कि संजय गोयल से पहले उनके दादा गुलजारीलाल नपा चेयरमैन रह चुके हैं। संजय गोयल इससे पहले तीन बार निर्विरोध पार्षद मनोनीत हो चुके हैं। अटेली नगर पालिका में 6331 मतदाता स्थाई रूप से रहते हैं। गत 2 मार्च को हुए मतदान में 4722 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग कर शहर की सरकार बनाने का फैसला ईवीएम में बंद किया था। जिसमें 5 प्रत्याशी चेयरमैन पद के लिए तथा 35 प्रत्याशी पार्षद पद के लिए मैदान में थे। जिनमें 21 पुरुष व 14 महिलाएं शामिल थी। मतगणना के बाद 4 महिलाओं व 8 पुरुषों ने जीत हासिल की। सबसे जीत हार का फैसला वार्ड नंबर एक में रहा। जहां शर्मिला देवी ने 305 वोट हासिल कर अपनी प्रतिद्वंद्वी दिप्ति कुमारी को 150 वोटों से पराजय किया। तथा सबसे कम हार जीत का फैसला वार्ड नंबर 9 में रहा। जहां मुकेश जांगिड़ ने 141 वोट प्राप्त किए, वही विजय मुदगिल ने 139 मत हासिल किए। जिसके कारण हार जीत का अंतर मात्र 2 रहा।