नारनौल। जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को ग्रामीण चौकीदारों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे चौकीदारों ने अपनी समस्याओं पर चर्चा की और सरकार पर उनकी लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। इसके बाद चौकीदारों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो जिले के चारों चौकीदार संघ प्रस्तावित पैदल यात्रा में भाग लेंगे। चौकीदारों ने मांग की कि श्रम विभाग की तर्ज पर उनका न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। साथ ही सभी ग्रामीण चौकीदारों को ईएसआई सुविधा से जोड़ा जाए। इसके अलावा चौकीदारों ने मांग रखी कि उनसे लिए जाने वाले कार्यों का स्पष्ट सरकारी नोटिफिकेशन जारी किया जाए ताकि उनसे निर्धारित दायरे से बाहर कार्य न कराया जाए। उन्होंने मानदेय व्यवस्था समाप्त कर नियमित वेतन लागू करने तथा ग्रामीण चौकीदारों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की भी मांग की। जिला प्रधान पंकज शोभापुर ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इस अवसर पर जिला सचिव महेंद्र मक्सूसपुर, जिला सलाहकार बीरबल कटकई, उपप्रधान मलखान सिंह, हनुमान, बीरसिंह, मनोहर और नवरत्न सहित अनेक ग्रामीण चौकीदार मौजूद रहे।