प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नारनौल डिपो से स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है। रोडवेज बस को पहले दिन फूलों से सजाया गया। वहीं करीब 15 श्रद्धालु नारनौल डिपो से पहले दिन प्रयागराज के लिए रवाना हुए। यह रोडवेज बस प्रतिदिन एक बजे नारनौल से प्रयागराज के लिए रवाना होगी। आज एसडीएम रमित कुमार ने बस को झंडी दिखाकर रवाना किया। कुंभ समाप्त होने तक नियमित रूप से रोडवेज बस का संचालन किया जाएगा। हरियाणा रोडवेज नारनौल डिपो के महा प्रबंधक अनित यादव ने बताया कि नागरिकों की मांग पर प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है कि पांच फरवरी से महाकुंभ मेले के अंत तक हरियाणा रोडवेज की एक बस प्रतिदिन प्रयागराज के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि प्रयागराज के लिए 1074 किराया निर्धारित किया गया है। यहां से प्रयागराज लगभग 789 किलोमीटर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि नारनौल से दोपहर एक बजे प्रतिदिन यह बस रवाना होगी। अगले दिन सुबह 5:30 यह बस प्रयागराज पहुंच जाएगी। इसी प्रकार प्रयागराज से यह बस प्रतिदिन दोपहर बाद तीन बजे चलेगी तथा अगले दिन सात बजे नारनौल पहुंचेगी। इस बस के रूट की जानकारी देते हुए यादव ने बताया कि यह बस रेवाड़ी, धारूहेड़ा, तावडू, सोहना, पलवल, होडल, कोसी, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मुरादनगर, अकबरपुर, कानपुर तथा खादा होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी।