निजामपुर के ताऊ देवीलाल चौक से नांगल चौधरी की ओर जाने वाले मार्ग पर बने रेलवे क्रॉसिंग पुल की बार-बार मरम्मत किए जाने से वाहन चालकों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन मरम्मत कार्य के चलते पुल पर यातायात प्रभावित होता है और लोगों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। नहरी पानी किसान संघर्ष समिति के प्रधान महावीर सलामपुरा ने कहा कि पुल की बार-बार मरम्मत समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को पुल की स्थिति की तकनीकी जांच करवाकर समस्या की वास्तविक वजह का पता लगाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुल की मजबूती और सुरक्षा को लेकर विशेषज्ञों से जांच करवाकर स्थायी समाधान किया जाए। बार-बार मरम्मत से जहां सरकारी धन खर्च हो रहा है, वहीं आमजन का समय भी बर्बाद होता है। उन्होंने कहा कि पुल की आवश्यकतानुसार मजबूती का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए, ताकि लोगों को बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।