युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जिला महेंद्रगढ़ में नशा मुक्त भारत अभियान की कड़ी में लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले दिनों नांगल चौधरी में भी एक दवाई की दुकान पर कार्रवाई की गई थी। इसी प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहने चाहिए। ये निर्देश अतिरिक्त उपायुक्त उदय सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में नशा मुक्त भारत अभियान तथा नार्कोड की बैठक में अधिकारियों को दिए। एडीसी ने बताया कि इस काम को गंभीरता से लें और जिले को एक आदर्श नशा मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को मुख्य धारा में वापस लाना है। इस बैठक में डीएसपी सुरेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा तथा डॉ अनिल यादव भी मौजूद थे।