महेंद्रगढ़ शहर में तीन स्थानों पर रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों के दहन से पूर्व कलाकारों की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। वहीं, हल्की बारिश के कारण पुतलों में कुछ नमी भी हो गई। भगवान श्रीराम व रावण की सेनाएं शोभायात्रा में आतिशबाजी करते हुए पुतला दहन स्थलों तक पहुंची। सेनाओं के मध्य पूरे शहर में युद्ध के दृश्यों का मंचन किया गया। अभी कुछ ही देर में पुतलों का दहन किया जाएगा। श्री आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से ऑटो मार्केट स्थित मैदान में रावण का 51 फुट का पुतला तथा मेघनाद व कुंभकर्ण के 41-41 फुट के पुतले लगाए गए हैं। वहीं, श्रीरामलीला परिषद की ओर से मोहल्ला मसानी स्थित कन्या विद्यालय के खेल मैदान में 51 फुट के राव व 40-40 फुट के मेघनाद व कुंभकरण के पुतले लगाए गए हैं। वहीं श्रीहनुमानरामलीला की ओर से 40 फुट के रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।