शहर स्थित नागरिक अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में लंबे समय से मरीज परेशानी झेल रहे हैं। विभाग केवल एक चिकित्सक के सहारे चल रहा है। वहीं, चिकित्सक की ऑपरेशन थियटर में ड्यूटी लगने पर मरीजों को उपचार के लिए इंतजार करना पड़ता है। बता दें कि हड्डी विभाग में तीन चिकित्सकों की तीन पोस्ट हैं और तीनों पर ही चिकित्सक तैनात हैं। ये चिकित्सक केवल कागजी हैं जबकि धरातल पर एक ही चिकित्सक उपचार कर रहा है। ऑर्थोपेडिक राहुल यादव फिलहाल तैनात हैं और मरीजों का उपचार कर रहे हैं। वहीं, दो अन्य पदों पर तैनात चिकित्सकों में से एक की डेपूटेशन लगी है जबकि एक अपनी आगे की पढ़ाई करने के लिए अवकाश पर चल रहा है। सप्ताह के पहले तीन दिन हड्डी विभाग की ओपीडी 80 से 100 रहती है। फिलहाल एक ऑर्थोपेडिक, एक सहायक कर्मचारी व एक चतुर्थ कर्मचारी तैनात हैं। फिलहाल हालात ये हैं कि ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थियटर में चले जाते हैं और इस दौरान मरीज कक्ष के बाहर बैठे इंतजार करते रहते हैं। ओपीडी देखने के लिए कभी तीन घंटे तो कभी चार घंटे भी लग जाते हैं। थियटर से बाहर आकर चिकित्सक मरीजों की जांच करते हैं। तब तक मरीज बैठकर इंतजार करते रहते हैं। अगर दूसरा चिकित्सक हो तो ओपीडी प्रभावित नहीं होगी और मरीजों को भी समय पर उपचार मिल सकेगा।