निजामपुर। क्षेत्र में मानसूनी बारिश ने एक बार फिर सड़कों की बदहाल स्थिति उजागर कर दी है। देवीलाल चौक स्थित निजामपुर रोड व नांगल चौधरी और नारनौल मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार ओवरलोड भारी वाहनों की आवाजाही के कारण कई स्थानों पर सड़क चार से पांच फीट तक टूट चुकी है। बारिश के चलते इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की समतल सतह दिखाई नहीं देती, जिससे दुपहिया वाहन चालक विशेष रूप से दुर्घटना के खतरे में हैं। स्थानीय दुकानदार प्रदीप, सुरेंद्र, महीपाल और उमराव ने बताया कि सड़क की समस्या पिछले दो महीने से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि पानी भरे गड्ढों में अक्सर बाइक और स्कूटी के टायर फंस जाते हैं, जिससे गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। गौरतलब है कि 8 मई को लोक निर्माण विभाग ने बारिश के मौसम को देखते हुए नांगल चौधरी, नारनौल और खेतड़ी रोड पर माइनर रिपेयर व पेचवर्क का कार्य कराया था। टैप कोट, सील कोट और तारकोल स्प्रे के माध्यम से गड्ढों को भरकर सड़क को सुरक्षित बनाने का दावा किया गया था, लेकिन तीन महीने के भीतर ही सड़क फिर से उखड़ गई। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता करतार सिंह ने बताया कि कुछ स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सड़क पर पानी बहाने और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से समस्या बढ़ी है। ठेकेदार को मरम्मत के लिए पत्र भेज दिया गया है और जल्द ही गड्ढों की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं कनिष्ठ अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण तारकोल की सतह कमजोर पड़ जाती है और एजेंसी को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।